
- प्रेम प्रसंग में पकड़े जाने पर युवक की पिटाई से मौत
- युवती और उसके माता-पिता गिरफ्तार, जेल भेजे गए
- परिजनों ने 20 लाख मुआवजा व भूमि आवंटन की मांग की
अंबेडकर नगर। प्रेम प्रसंग में पकड़े जाने पर हुई निर्मम पिटाई से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद प्रेमिका सहित उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम के उपरांत शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया और 20 लाख की आर्थिक सहायता, आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई तथा कृषि योग्य भूमि आवंटन की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
आलापुर थाना क्षेत्र के चहोड़ा शाहपुर निवासी 24 वर्षीय आनंद कन्नौजिया का लंबे समय से मगनपुर महिमा पुर निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन दोनों का संपर्क चोरी-छिपे बना रहा। रविवार की रात आनंद सात किलोमीटर दूर प्रेमिका के घर पहुंचा, जहां परिजन दोनों को एक कमरे में देख भड़क उठे।
कमरे में पकड़े जाने पर बेरहमी से पिटाई
परिजनों ने आनंद की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची जहांगीरगंज पुलिस ने शव को घर के अंदर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां सुशीला ने आरोप लगाया कि युवती ने षड्यंत्र के तहत आनंद को घर बुलाया और परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
प्रेमिका सहित तीन गिरफ्तार
मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवती, उसके माता-पिता तथा तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर प्रेमिका और उसके माता-पिता को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद मंगलवार को तीनों को जेल भेज दिया गया।








