
अंबेडकरनगर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया है। शहर के प्रमुख स्थल, सरकारी भवन, स्मारक और चौराहे तिरंगे की थीम पर आधारित रोशनी से सजकर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शाम ढलते ही चारों ओर फैली रंग-बिरंगी रौशनी वातावरण में विशेष चमक बिखेर रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर बना आकर्षण का केंद्र
जनपद का मुख्य प्रशासनिक भवन कलेक्ट्रेट इस बार सजावट में सबसे आगे दिखाई दे रहा है। गेट से लेकर संपूर्ण भवन तक तिरंगे के तीन रंगों की एलईडी लाइटें सजाई गई हैं। रात होते ही पूरा परिसर तिरंगे की रौशनी से नहा उठता है, जो राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
नगर के प्रमुख स्थलों पर विशेष सजावट
नगर पालिका कार्यालय, अकबरपुर-टांडा मार्ग स्थित फ्लाईओवर, तमसा नदी का पुल, एमई विक्रमादित्य तिराहा, शहजादपुर मार्ग पर स्थित भगवान श्रीराम चौक और गांधी चौक को विशेष रूप से सजाया गया है। तिरंगे के रंगों से सजे ये स्थल न केवल देखने में आकर्षक हैं बल्कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर को भव्यता प्रदान कर रहे हैं।
प्रतिमाओं की सफाई और रंग-रोगन पूर्ण
शहर में स्थापित राष्ट्रनायकों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की विशेष सफाई कर रंग-रोगन किया गया है। कई स्थलों पर लाइटिंग की व्यवस्था कर इन स्मारकों को और भव्य रूप दिया गया है। इन प्रतिमाओं पर पड़ती रोशनी राहगीरों को रुककर नमन करने के लिए प्रेरित कर रही है।
चौराहों और सड़कों पर दिखा बदलता रंग
शहर के प्रमुख चौराहों पर तिरंगे की रोशनी के साथ सजावट के लिए झंडियां और कपड़े का इस्तेमाल किया गया है। विभिन्न मार्गों के दोनों ओर लगे सजावटी खंभों पर एलईडी लाइटें चमक रही हैं। सड़क किनारे दुकानदार भी अपनी-अपनी दुकानों पर तिरंगे और रंगीन बल्ब लगाकर माहौल में भागीदारी निभा रहे हैं।








