- आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत नगर पालिका टांडा में जोशपूर्ण आयोजन
- वार्ड स्तर पर जागरूकता गोष्ठी और तिरंगा यात्रा का आयोजन
- सैकड़ों कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी
अंबेडकरनगर । आज़ादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर पालिका परिषद टांडा में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शासन की मंशा के अनुरूप नगर पालिका परिषद टांडा के कर अधीक्षक शमशाद जुबैर के नेतृत्व में वार्ड स्तर पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई और शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
पालिका कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी
गोष्ठी में पालिका प्रशासन के अवर अभियंता (जलकल) आशीष कुमार चौहान, सफाई नायक मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद इदरीस, सुहैल अहमद, मंशाराम कनौजिया, मोहम्मद रब्बानी, लेखाकार अरशद जमाल, जलील अहमद, निशांत पांडेय, अज़ीज़, जगदंबा प्रसाद समेत सैकड़ों सफाई कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रीय ध्वज की महत्ता और उसके सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया।
शहर की सड़कों पर लहराया तिरंगा
भव्य तिरंगा यात्रा नगर पालिका गेट से प्रारंभ हुई, जो स्टेट बैंक, ज़ुबैर चौराहा, चौक, सब्ज़ी मंडी होते हुए पुनः पालिका परिसर में सम्पन्न हुई। यात्रा में कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर नारे लगाए और पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भी तिरंगा यात्रा को देखने के लिए जगह-जगह खड़े नजर आए।
मोहल्लों में भी पहुंचा संदेश
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मोहल्ला अलहदादपुर में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित लोगों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के नियमों का पालन करने की अपील की गई।








