
- प्रयागराज 45°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर
- दुनिया के 70 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के शामिल
- यूपी के 6 शहर टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में शामिल
नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्से इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। प्राइवेट एजेंसी AQI.in की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के 70 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के शहर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश का प्रयागराज 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म शहरों की सूची में शीर्ष पर रहा। वहीं टॉप-10 में यूपी के 6 शहर शामिल हैं, जिनमें बांदा, मिर्जापुर और वाराणसी प्रमुख हैं।
शनिवार को भी देश के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। बांदा में भी तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा समेत कई राज्यों में तेज धूप और लू लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव जारी रहने की संभावना जताई है।
इधर, तेलंगाना के सात जिलों में हीटस्ट्रोक से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने हैदराबाद, रंगारेड्डी, करीमनगर, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यपेट, मुलुगु और महबूबनगर में 26 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।









