सीएम जनता दरबार में रिटायर्ड फौजी का हंगामा

  • गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला है पूर्व फौजी सतबीर गुर्जर
  • सल्फॉस खाकर जनता दरबार में पहुंचा, मची अफरा-तफरी
  • भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गाजियाबाद के लोनी निवासी एक रिटायर्ड फौजी ने अंदर पहुंचते ही कहा कि उसने जहर खाकर आया है। जानकारी मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है और उसे निगरानी में रखा गया है।

कौन है रिटायर्ड फौजी?

फौजी का नाम सतबीर गुर्जर (65) पुत्र प्रेम सिंह है। वह एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं और खुद को करगिल युद्ध का योद्धा बताते हैं। सतबीर गाजियाबाद के लोनी के सिरौली क्षेत्र के रहने वाले हैं। सीएम योगी से मिलने पहुंचे सतबीर ने बताया कि वह लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ शिकायत करने आए थे।

जहर दरबार में नहीं, बाहर खाया था

शुरुआती जानकारी में कहा गया कि सतबीर ने जनता दरबार के अंदर जहर खाया, लेकिन बाद में उसने खुद बताया कि वह बाहर सल्फॉस खाकर अंदर गया था। डॉक्टरों ने बताया कि सतबीर का कहना है कि उसने जहर लिया है, इसलिए 48 घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा।

फौजी के गंभीर आरोप

सतबीर के पास से मिले पत्र में उन्होंने सीएम योगी को लिखा कि विधायक नंद किशोर गुर्जर ने उनके साथ दुश्मनी निकालने के लिए दमनकारी नीति अपनाई है। पत्र में लिखा-

  • “कलश यात्रा के बाद से नंद किशोर गुर्जर मुझसे दुश्मनी रखने लगे।”

  • “बिजली विभाग से मिलकर मेरा 1.70 लाख रुपए का बिल भेजवाया।”

  • “लोनी में ‘नंदू टैक्स’ के नाम पर करोड़ों रुपये वसूले जा रहे।”

  • “मेरी और परिवार की हत्या की साजिश रची जा रही है।”

पत्र में सतबीर ने सीएम योगी को “इष्ट देव” लिखकर संबोधित किया और सुरक्षा की गुहार लगाई।

विधायक नंद किशोर का जवाब

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा-

  • “मैं इस व्यक्ति को नहीं जानता।”

  • “अगर आरोप साबित हो जाएं तो राजनीति छोड़ दूंगा।”

  • “यह व्यक्ति फर्जी भर्ती के मामले में आर्मी से सस्पेंड हुआ था और उस पर हत्या का केस भी चल रहा है।”

  • “विरोधियों ने पंचायत और विधानसभा चुनाव से पहले मेरी छवि खराब करने की साजिश रची है।”

फौजी के परिवार का पक्ष

भास्कर टीम जब सतबीर के घर पहुंची तो बेटे अतुल ने बताया कि पिता 2006 में एयरफोर्स से रिटायर्ड हुए थे। परिवार के पास 12 बीघा जमीन है। सतबीर के दो बेटे दिल्ली हाईकोर्ट में वकील हैं।

Back to top button