
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस वर्ष यूपी पुलिस में 1 लाख नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भर्ती होमगार्ड, पुलिस सिपाही और दरोगा समेत विभिन्न पदों पर की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में चयनित 936 रेडियो ऑपरेटरों को जॉइनिंग लेटर भी वितरित किए और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
2.20 लाख से अधिक भर्तियां निष्पक्ष तरीके से: सीएम
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस में 2 लाख 20 हजार से अधिक भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की गई हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों की पुलिस बल की संख्या भी इतनी नहीं है।
60 हजार सिपाहियों की हालिया पासिंग आउट परेड
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 60 हजार सिपाहियों की पासिंग आउट परेड हुई, जिसके बाद ये सभी जवान अब फील्ड में तैनात हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस अब दुनिया की सबसे बड़ी सिविल पुलिस बलों में से एक है, जो 25 करोड़ की आबादी की सेवा कर रही है।
बिना सिफारिश और पारदर्शी भर्ती पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है। किसी भी अभ्यर्थी को न तो सिफारिश की जरूरत पड़ी और न ही किसी प्रकार का पैसा देना पड़ा। सभी चयन योग्यता, क्षमता और आरक्षण नियमों के अनुसार किया गया है।









