
- जानकीपुरम सेक्टर-5 और 7 में डायरिया का कहर
- दूषित पानी से 60+ लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित
- मेडिकल टीम अलर्ट, दवा और क्लोरीन टैबलेट वितरित
लखनऊ। जानकीपुरम के सेक्टर-5 और 7 में दूषित पानी की आपूर्ति से डायरिया फैलने की आशंका जताई जा रही है। अब तक 60 से अधिक लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें 12 से ज्यादा मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में कई दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही थी, जिसके चलते बीमारियां फैल रही हैं।
कैसे फैला संक्रमण?
सबसे पहले सेक्टर-7 निवासी फैयाज और उनके परिवार को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। इसके बाद यह बीमारी तेजी से फैलती गई। प्रभावित लोगों में आयुषी, कोकिला, मुकेश, प्रियांशु, रमेश, अनीता, संजय, ताहिरा, श्याम, सुरेश, अमित, प्रभु, शिखा, कमलेश, पंकज और अविरल समेत 50 से अधिक लोग शामिल हैं।
मेडिकल टीम अलर्ट पर
अलीगंज CHC के डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि सुबह 6 बजे से मेडिकल टीम प्रभावित इलाकों में कैंप कर रही है। लोगों को दवाएं, मेडिकल किट और क्लोरीन टैबलेट दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दोपहर तक 30 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से कोई गंभीर हालत में नहीं है। टीम में 1 डॉक्टर, 2 पैरामेडिकल स्टाफ, 3 एएनएम और 12 आशा वर्कर तैनात हैं।
नगर निगम की कार्रवाई
लखनऊ नगर निगम के जोन-3 की जलकल टीम ने बताया कि सुबह से इलाके में टैंकरों से साफ पानी की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही चूने का छिड़काव और पानी की सैंपलिंग भी की गई। टीम का कहना है कि पानी में अब कोई समस्या नहीं है।
स्थानीय लोगों की शिकायत
लोगों का कहना है कि इलाके में कई दिनों से गंदगी और गंदा पानी सप्लाई हो रहा था। वहीं, एक दिन पहले ही संविदा कर्मचारी के 10 साल के बेटे की पीलिया से मौत हो चुकी है।








