
अलीगढ़। पूर्व सीएम कल्याण सिंह की याद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को मंच पर दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जब राज्यपाल कलराज मिश्र भाषण दे रहे थे, तभी मंच संचालक आत्म प्रकाश मिश्र ने उन्हें एक पर्ची थमाई। पर्ची देखते ही कलराज मिश्र नाराज हो गए। उन्होंने गुस्से में पीछे मुड़कर पूछा, “ये किसने दिया?” और कहा,
“कल्याण सिंह के साथ मेरे संबंध जैसे रहे हैं, मैं बोलने से खुद को रोक नहीं पाऊंगा। मुझे रोकने के लिए मत सोचना।” इसके बाद उन्होंने अपना भाषण जारी रखा।
योगी ने कहा- बाबूजी ने राम जन्मभूमि के लिए छोड़ी थी सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन पूर्व सीएम कल्याण सिंह को नमन करते हुए शुरू किया। उन्होंने कहा,
“बाबूजी ने यूपी में कानून का राज स्थापित किया और आदर्शों की ऐसी छाप छोड़ी, जो हमेशा याद रहेगी। राम जन्मभूमि के लिए उन्होंने अपनी सरकार की कुर्बानी दी। बाबूजी ने कहा था- ढांचे को गिराने की जिम्मेदारी मैं ले रहा हूं। कांग्रेस ने उनकी सरकार गिरा दी थी, लेकिन उन्होंने रामभक्तों को नुकसान नहीं होने दिया।”
योगी ने विपक्ष पर भी हमला बोला और कहा,
“जब इनकी सरकार होती थी, त्योहारों पर दंगे होते थे। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टि का समय है। भाजपा ने जो कहा, वह करके दिखाया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई, आतंकवाद का खात्मा किया। आज यूपी दंगा-मुक्त है।”
केशव बोले- सपा की साइकिल उखाड़ फेंकेंगे
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा,
“हम सब संकल्प लेते हैं कि सपा की साइकिल को उखाड़ फेंकना है। बाबूजी को भारत रत्न मिलना चाहिए। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ होने में अब देर नहीं है।”
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा,
“बाबूजी ने सनातन धर्म की पताका सबसे ऊंची फहराई। उन्होंने सीएम की कुर्सी छोड़कर राम मंदिर के लिए कूच किया था।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा,
“हमें बाबूजी कल्याण सिंह के दिखाए रास्ते पर चलना है।”
वहीं, उमा भारती ने कहा,
“अखिलेश यादव कहते हैं- नाम में क्या रखा है। उनकी मानसिकता ही गुलामी की है। नाम की महिमा वही समझेगा, जिसकी सोच राष्ट्रीयता की हो।”
यूपी विकास का ग्रोथ इंजन बन रहा- योगी
योगी ने कहा,
“हाल ही में हमने 60,244 पुलिस भर्ती पूरी की। यूपी के सभी जिलों से नौजवान भर्ती हुए। 2017 से पहले यह संभव नहीं था। आज यूपी देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन रहा है। विपक्ष जातीयता का जहर घोल रहा है। न्यायपालिका और चुनाव आयोग तक को धमकी दी जा रही है।”
उन्होंने आगे कहा,
“अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण हो रहा है। लेकिन सपा PDA के नाम पर समाज को बांट रही है। सपा सबके साथ की बात करती है, पर परिवार के विकास की करती है। चार बार सरकार बनाकर यही किया।”
योगी ने कहा,
“मोदी जी के नेतृत्व में अब तुष्टिकरण नहीं, सबका साथ-सबका विकास हो रहा है। पहले दंगों में प्रदेश जलता था। आज यूपी त्योहारों में शांति और विकास का प्रतीक बन गया है।”








