आगरा में थाने के अंदर महिला और लेडी कॉन्स्टेबल में जमकर मारपीट

  • थाने में महिला और लेडी कॉन्स्टेबल के बीच लात-घूंसे
  • वीडियो वायरल, महिला ने लगाए मारपीट और कपड़े फाड़ने के आरोप
  • पुलिस बोली- महिला ने थाने में की अभद्रता

आगरा के ट्रांस यमुना थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला और लेडी कॉन्स्टेबल के बीच जमकर लात-घूंसे चलते दिखाई दे रहे हैं। यह घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है।

कैसे हुआ विवाद?
मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित महिला और लेडी कॉन्स्टेबल के बीच कहासुनी हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि बहस के दौरान महिला ने कॉन्स्टेबल को धक्का दे दिया, जिसके बाद दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। महिला ने कॉन्स्टेबल की चोटी पकड़कर खींच लिया। किसी तरह से अन्य महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया।

महिला ने लगाए गंभीर आरोप
महिला ने वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि उसे कमरे में बंद कर मारपीट की गई और कपड़े तक फाड़ दिए गए। आरोप है कि उसके साथ थाने में जबरन बैठाए रखा गया और घरवालों को सूचना तक नहीं दी गई। महिला ने धमकी दी है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी।

पुलिस का पक्ष
पुलिस का कहना है कि महिला ने थाने में अभद्रता की और पुलिसकर्मियों से मारपीट की। वहीं, महिला का आरोप है कि वह अपने घर में हुई चोरी की FIR पर कार्रवाई के लिए थाने गई थी, लेकिन पुलिस ने एफआर (Final Report) लगा दी।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि निलंबित दरोगा राजकुमार गोस्वामी ने उसके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और मोबाइल से वीडियो बनाने पर फोन छीनने की कोशिश की।

जांच जारी
पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में है।

Back to top button