
- जलालपुर सीएचसी में रेबीज वैक्सीन को लेकर विवाद
- अधिवक्ता और फार्मासिस्ट के बीच तीखी नोकझोंक
- दोनों पक्षों ने पुलिस को दी अलग-अलग तहरीर
जालालपुर (अंबेडकरनगर), जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में रेबीज वैक्सीन को लेकर हुए विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। अस्पताल प्रशासन और अधिवक्ता के बीच हुए इस विवाद में पुलिस ने अब अस्पताल अधीक्षक की शिकायत पर अधिवक्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 7 अगस्त की बताई जा रही है। मालीपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव निवासी अधिवक्ता अंजेश यादव अपनी पुत्री को रेबीज का टीका लगवाने जलालपुर के नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। यहां वैक्सीन को लेकर फार्मासिस्ट मनोज कुमार यादव से उनका विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ता ने वैक्सीन की उपलब्धता और व्यवहार को लेकर आपत्ति जताई थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। अधिवक्ता का आरोप था कि अस्पताल में वैक्सीन को लेकर उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
दोनों पक्षों ने दी अलग-अलग तहरीर
विवाद के बाद अधिवक्ता अंजेश यादव ने जलालपुर कोतवाली में फार्मासिस्ट मनोज कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अस्पताल स्टाफ पर बदसलूकी और लापरवाही के आरोप लगाए थे।
वहीं दूसरी ओर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश ने अधिवक्ता के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि उन्होंने अस्पताल में कार्य कर रहे कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। अधीक्षक का कहना है कि अस्पताल में आए मरीजों और स्टाफ के समक्ष अधिवक्ता ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।








