
सिकंदरपुर समिति पर भीड़, अन्नावा में हालात बेकाबू
सिकंदरपुर सहकारी समिति पर बुधवार को खाद के लिए भारी भीड़ उमड़ी। समिति परिसर में सुबह छह बजे से ही किसानों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। वहीं, अन्नावा बहुद्देश्यीय सहकारी समिति पर करीब तीन सौ किसान सुबह से कतार में लगे रहे। भीड़ को नियंत्रित करने में समिति कर्मचारी भी असहाय नजर आए।
“तीन दिन से खाद के लिए दौड़ रहा हूं” – किसान विजय भान
मिर्जापुर निवासी किसान विजय भान ने बताया कि वह बीते तीन दिन से अलग-अलग समितियों के चक्कर काट रहे हैं। “कभी सिकंदरपुर, कभी अन्नावा, लेकिन कहीं भी समय से खाद नहीं मिल रही। एक बोरी लेकर क्या खेत में डालें और क्या छोड़ें?” उन्होंने कहा।
रामनगर के किसान मनोज का दर्द
रामनगर के किसान मनोज ने बताया कि मंगलवार को बहोरिकपुर सहकारी समिति गए थे, लेकिन वहां खाद नहीं मिली। “आज अन्नावा आए हैं, लेकिन यहां भी हालत वही है। अधिकारी कह रहे हैं कि खाद है, लेकिन हमको तो नहीं मिल रही,” उन्होंने कहा।
एक बोरी खाद के लिए पूरे दिन की मशक्कत
कई किसानों ने बताया कि सुबह से शाम तक कतार में खड़े रहने के बाद भी उन्हें केवल एक बोरी खाद दी जा रही है, जबकि खेत में जरूरत कई बोरियों की है। इससे धान की फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।








