
- हादसे में 6 साल का बच्चा, 3 महिलाएं और 5 पुरुष मारे गए
- सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख सहायता की घोषणा
- कंटेनर चालक फरार, पुलिस जांच जारी
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर जिले में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-34 पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 9 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हो गए। घायलों में से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में 6 साल का बच्चा, 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं।
कासगंज से गोगामेड़ी दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार, यह हादसा अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास रविवार रात करीब 2 बजे हुआ। श्रद्धालु कासगंज से राजस्थान के गोगामेड़ी स्थित जाहरबीर (गोगाजी) मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली को डबल डेकर में बदल दिया गया था, ताकि ज्यादा लोग उसमें बैठ सकें। ट्रॉली के बीच में लकड़ी लगाकर उसे दो हिस्सों में बांटा गया था।
टक्कर से ट्रॉली पलटी, सड़क पर मची चीख-पुकार
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और घायल राजकुमार ने बताया, “हम लोग नींद में थे। ट्रैक्टर धीरे-धीरे चल रहा था। अचानक पीछे से कंटेनर ने टक्कर मारी। किसी को कुछ समझ नहीं आया। बच्चे दर्द से चीख रहे थे। कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।” हादसे के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई।
हादसे के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर, ड्राइवर फरार
सूचना मिलते ही डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। SSP ने बताया कि 10 घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, 10 गंभीर घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।








