यूपी में भीषण गर्मी का कहर, पारा 42°C पार

मानसून की रफ्तार थमी, 38 जिलों में लू का अलर्ट

लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मानसून के देर से पहुंचने के कारण राज्य के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश से राहत भी मिली है।

सोमवार सुबह गाजीपुर में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं बलिया में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। इसके बावजूद प्रदेश के अधिकतर शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना हुआ है।

Gorakhpur समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही के कारण उमस बढ़ गई है। हवा की धीमी गति ने गर्मी के असर को और अधिक महसूस कराया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 38 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है, जबकि मऊ, चंदौली, बलिया, गाजीपुर और सोनभद्र में बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आमतौर पर मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार यह यूपी-बिहार सीमा के पास अटक गया है। पिछले 10-12 दिनों से मानसून महराजगंज के आसपास रुका हुआ है। अब इसके 23 जून के बाद आगे बढ़ने और 25 जून तक यूपी में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है।

तब तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी और लू का असर जारी रहने की आशंका है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई शहरों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। बांदा में 42.6°C, प्रयागराज में 42.5°C और वाराणसी में 42.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। कानपुर नगर में 42.3°C और बहराइच में 42°C दर्ज हुआ, जिससे ये शहर प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button