
अम्बेडकरनगर। जिले के किसानों के लिए खरीफ फसल के इस महत्वपूर्ण चरण में यूरिया की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बन गई है। विकासखंड बसखारी के साधन सहकारी समिति लिमिटेड बरही मोहनपुर और जिले की अन्य समितियों में मंगलवार को यूरिया भंडार में मौजूद रहने के बावजूद वितरण में भारी देरी हो रही है। इस कारण किसानों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए सुबह-सुबह लाइन में लगकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं।
सुबह से लगी किसानों की लंबी कतारें, तकनीकी खराबी ने बढ़ाई मुसीबत
किसान सुबह चार बजे से ही यूरिया लेने के लिए लाइन में खड़े हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते वितरण प्रणाली सुचारू रूप से काम नहीं कर पा रही है। किसान सीमा इंद्रजीत अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि पिछले कई दिनों से यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और सर्वर की खराबी से वितरण में लगातार बाधा आ रही है। इस वजह से किसानों को फसल की समय पर उचित देखभाल नहीं मिल पा रही है, जो उनकी आय पर गंभीर असर डाल सकती है।
समिति सचिव का बयान, समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन
साधन सहकारी समिति के सचिव रामचेत ने इस मुद्दे पर कहा कि समिति की पूरी कोशिश है कि सभी किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वीकार किया कि सर्वर की धीमी गति और तकनीकी समस्या वितरण प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। तकनीकी टीम द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए काम किया जा रहा है ताकि यूरिया वितरण जल्द से जल्द सामान्य हो सके।








