
अंबेडकरनगर | राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित चार दिवसीय खेल महोत्सव का समापन शुक्रवार को फिट इंडिया साइकिल रैली और दौड़ प्रतियोगिता के साथ हुआ। जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में हुए इस आयोजन ने पूरे जनपद को खेल भावना और फिटनेस के प्रति जागरूकता से सराबोर कर दिया।
खेल महोत्सव के अंतिम दिन फिट इंडिया अभियान के तहत साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करना था। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें प्रतिभागियों ने फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
बालक-बालिका दौड़ में दिखी प्रतिभा
5 किलोमीटर बालक वर्ग दौड़ में जिले के युवा धावकों ने दमखम दिखाया। इस स्पर्धा में सौरभ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि सूरज ने द्वितीय और हिमांशु ने तृतीय स्थान हासिल किया। दुर्गेश, अकरम और सिद्धांत क्रमशः चतुर्थ, पंचम और षष्ठम स्थान पर रहे।
वहीं, 3 किलोमीटर बालिका वर्ग रेस में मोहिनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनामिका द्वितीय, महिमा तृतीय, गायत्री चतुर्थ, अंशिका पंचम और राधिका षष्ठम स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथि ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, “आज के ये खिलाड़ी कल के भारत का भविष्य हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक और सामाजिक संतुलन का भी माध्यम हैं।”









