
बसखारी (अंबेडकर नगर)। बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुकियां गांव में रविवार शाम पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर पांच लोगों को रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपियों के पास से 1520 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद की गई। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
बसखारी थाने के उप निरीक्षक कमलेश यादव पुलिस टीम के साथ रविवार को नाऊनगर क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बुकियां गांव स्थित अंशुल कुमार के घर में जुए का अड्डा संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस की दबिश से मची अफरातफरी
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घर के भीतर जुआ खेल रहे लोग अचानक घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ लोग भागने में सफल हो गए।
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, उनकी पहचान दिनेश निषाद]अंशुल कुमार]रोहित कनौजिया]रितेश निषाद प्रकार से हुई ।सभी आरोपी बुकियां गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1520 रुपये नगद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी को थाने लाकर उनके खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया और पूछताछ के बाद निजी मुचलके पर जमानत दे दी गई।
थाना बसखारी के प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि, “मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पांच लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ा गया है। आगे भी ऐसे तत्वों पर सख्त नजर रखी जाएगी।”








