
- मिड-डे मील में मेनू का पालन अधूरा, शौचालय व्यवस्था बदहाल
- एफएसएसएआई मानक का नमक-मसाले मिले, पर प्रक्रिया में कमी
- शिक्षा विभाग को चेतावनी, सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अकबरपुर ब्लॉक क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। परियोजना निदेशक अनिल सिंह और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा अलग-अलग स्कूलों में किए गए औचक निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन, पेयजल और शौचालय व्यवस्था को लेकर लापरवाही सामने आई है। अधिकारियों ने शिक्षा विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हासिमपुर और बरसावा में दाल में नहीं थी सब्जी, आंगनबाड़ी केंद्र बंद
परियोजना निदेशक अनिल सिंह ने हासिमपुर और बरसावा के विद्यालयों का निरीक्षण किया, जहां मध्यान्ह भोजन में दाल परोसी जा रही थी, लेकिन निर्धारित मेनू के अनुसार उसमें सब्जी नहीं मिलाई गई थी। इससे बच्चों को पोषण की अधूरी मात्रा दी जा रही है। साथ ही बरसावा में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह से बंद मिला, जिससे बच्चों की प्रारंभिक देखभाल और पोषण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर परियोजना निदेशक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
मीरपुर शेखपुरा और सोनगांव में मिली गंभीर लापरवाहियां
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा मीरपुर शेखपुरा और सोनगांव के प्राथमिक विद्यालयों में किए गए निरीक्षण में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। दोनों स्कूलों में हैंडपंप का पानी पीला और दूषित पाया गया, जिससे साफ था कि बच्चे अस्वच्छ जल का उपयोग कर रहे हैं। यह स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।








