
- कर्मियों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
- सीएमओ बोले- पोर्टल अपडेट होने से अटका भुगतान
- जल्द होगी मानदेय भुगतान प्रक्रिया सामान्य
अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत करीब 1300 कर्मचारी विगत तीन माह से मानदेय न मिलने से आर्थिक संकट झेल रहे हैं। चिकित्सक, स्टाफ नर्स व अन्य संविदा कर्मियों ने बुधवार को इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिले में तैनात कर्मियों को प्रतिमाह मानदेय भुगतान होना है, किंतु सीएमओ कार्यालय और जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के बीच समन्वय न बनने से तीन माह से भुगतान नहीं हो पाया। इस वजह से कर्मचारियों को दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में परेशानी हो रही है। जिला अस्पताल प्रबंधक डॉ हर्षित गुप्ता ने कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर वे लगातार पूर्ण निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं। संक्रमणजन्य रोगों के बढ़ते दबाव के बीच भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटे, किंतु मानदेय न मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। कर्मचारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित न होने देने के लिए वे अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे, किंतु विभाग को भी उनके अधिकार समय से सुनिश्चित करने होंगे।मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार शैवाल ने कहा कि मानदेय भुगतान में विलंब केवल जिले तक सीमित नहीं है बल्कि यह समस्या पूरे प्रदेश में है। फिलहाल स्वास्थ्य मिशन का पोर्टल बदला जा रहा है, जिस कारण भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। पोर्टल अपडेट होने के बाद भुगतान की स्थिति सामान्य हो जाएगी।








