
- अपराधियों को चेतावनी- गुंडा टैक्स वसूला तो यमराज करेंगे इंतजार
- पेप्सिको प्लांट से 1200 युवाओं को मिलेगा रोजगार
- विपक्ष पर हमला- EVM हार पर दोषी नहीं, जीत पर सवाल क्यों?
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में 2251 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के लिए नई भर्ती और रोजगार के अवसरों की घोषणा की। साथ ही अपराधियों, विपक्ष और पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। सीएम ने कहा कि प्रदेश में इम्प्लॉयमेंट जोन बनाए जाएंगे, जहां युवाओं को नौकरी और रोजगार मिलेगा।
अपराधियों को चेतावनी, गुंडा टैक्स बंद
सीएम ने कहा कि आज कोई व्यापारी गुंडा टैक्स नहीं दे रहा है। अगर कोई गुंडा टैक्स वसूलने की कोशिश करेगा तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार करेंगे।
मंच पर रवि किशन पर चुटकी
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने मंच पर मौजूद सांसद रवि किशन से मजाकिया लहजे में पूछा कि उनकी फिल्म किसी ने फ्री में देखी है क्या? जब लोगों ने “नहीं” कहा तो सीएम मुस्कुराने लगे।
पेप्सिको प्लांट से 1200 लोगों को रोजगार
सीएम ने पेप्सिको के बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट से करीब 1200 युवाओं को रोजगार मिलेगा।
विपक्ष पर हमला- EVM को दोष देना बंद करें
सीएम ने कहा कि जब विपक्ष EVM से जीतता है तो सब सही होता है, लेकिन भाजपा जीतती है तो मशीन और वोटर सूची पर सवाल उठाए जाते हैं। यह विपक्ष और इंडी गठबंधन की राजनीति देश को गर्त में धकेल रही है।
विकास नकारात्मक सोच से नहीं होता
योगी ने कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाले लोग विकास के दुश्मन हैं। नौजवान, किसान और मातृभक्ति ही ऐसे बैरियर को तोड़ सकती है।
सपा सरकार पर हमला
योगी ने कहा कि सपा सरकार में गोरखपुर में बिजली कभी-कभी आती थी। वे उजाले के दुश्मन थे और समाज में वैमनस्यता फैलाते थे। अराजकता और लूटपाट के कारण विकास पिछड़ जाता था।
“बहन-बेटियों की रक्षा न करने वाले विकास नहीं कर सकते”
सीएम ने कहा कि जो लोग दंगों को बढ़ावा दें, वोटबैंक के लिए सुरक्षा से खिलवाड़ करें और बहन-बेटियों की इज्जत की रक्षा न कर सकें, उनसे विकास की उम्मीद करना बेकार है।








