
- हजरतगंज में स्कूल से लौट रहे क्लास-2 के छात्र को थार ने मारी टक्कर
- गाड़ी बच्चे के ऊपर से गुजरी, लेकिन पहियों की चपेट में आने से बचा
- हादसे में छात्र के पैर में चोट, मौके से फरार हुआ ड्राइवर
लखनऊ। राजधानी के हजरतगंज इलाके में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। स्कूल से घर लौट रहे क्लास-2 के छात्र को एक तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा सड़क पर गिर गया और गाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई। गनीमत रही कि छात्र थार के पहियों की चपेट में नहीं आया, वरना जानलेवा हादसा हो सकता था।
साहू सिनेमा के सामने हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हजरतगंज के साहू सिनेमा के सामने हुई। छात्र की पहचान कुंज के रूप में हुई है, जो विष्णु नारायण इंटर कॉलेज का क्लास-2 का छात्र है। स्कूल की छुट्टी के बाद वह पैदल ही घर जा रहा था। जैसे ही उसने सड़क पार करनी शुरू की, तभी तेज रफ्तार थार (UP 32 PW 6978) ने उसे टक्कर मार दी।
थार के ऊंचे ग्राउंड क्लीयरेंस के कारण कुंज पहियों की चपेट में आने से बच गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सड़क से उठाया। छात्र के पैर में चोट आई है और वह घटना से डरा सहमा हुआ है।
मौके से फरार हुआ ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद थार का ड्राइवर गाड़ी की रफ्तार बढ़ाते हुए हजरतगंज चौराहे से राजभवन की ओर भाग गया। गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी, हालांकि आगे नंबर प्लेट मौजूद थी। राहगीरों ने उसका वीडियो बनाकर पुलिस को सौंपा है।
पुलिस की जांच जारी
घटना के बाद बच्चे को जनपथ पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। छात्र के पिता शैलेंद्र कुमार, नगर निगम में सफाई कर्मी हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गाड़ी मालिक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया जाएगा।








