- सरकारी स्कूलों में प्रेरणा कैंटीन अब महिलाओं द्वारा संचालित
- बच्चों को मिलेगा पौष्टिक और स्वच्छ भोजन
- बासी या घटिया भोजन पर होगी सख्त कार्रवाई
जनपद के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रेरणा कैंटीन का संचालन करेंगी। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। लोहिया भवन सभागार में आयोजित इस बैठक में जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, उपायुक्त स्वतः रोजगार एवं एनआरएलएम स्टाफ उपस्थित रहे।
विद्यालयों में कैंटीन संचालन की होंगी सख्त व्यवस्थाएं
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यालय में समूह की महिलाओं द्वारा कैंटीन का संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके माध्यम से न केवल विद्यालयों में बच्चों और शिक्षकों को गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक भोजन मिलेगा, बल्कि महिलाओं को भी स्थायी आजीविका का अवसर प्राप्त होगा। जिलाधिकारी ने कैंटीन संचालन में आ रही समस्याओं के तत्काल निराकरण के भी निर्देश दिए।
बासी भोजन पर होगी सख्त कार्रवाई
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कैंटीन में बासी अथवा निम्न गुणवत्ता का भोजन परोसे जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित समूह को तत्काल प्रभाव से हटाया जाएगा। ऐसे मामलों में जांच के उपरांत दूसरी महिला समूह को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को मिलेगा पौष्टिक और स्वच्छ आहार
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि बच्चों को दिया जाने वाला आहार पौष्टिक, स्वच्छ और ताज़ा हो। कैंटीन के संचालन में गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत है, तो वह सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकता है।








