
- पैराडाइज कॉरपोरेशन के जरिए फर्जी बिल बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम
- राज्य और केंद्र को हुई भारी राजस्व हानि
- दो नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद। गलशहीद थाना क्षेत्र में एक बड़ा GST घोटाला सामने आया है। सीधी सराय निवासी शबाना परवीन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी फर्म पैराडाइज कॉरपोरेशन के माध्यम से फर्जी बिल बनाकर ₹4.49 करोड़ से अधिक का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया।
जांच में पता चला कि शबाना परवीन ने बिना किसी वास्तविक खरीद-फरोख्त के ITC का दावा किया और इस राशि को अन्य फर्मों को भी पास ऑन किया। इस धोखाधड़ी से राज्य और केंद्र सरकार को भारी राजस्व हानि हुई।
राज्य कर विभाग, खंड-6 मुरादाबाद के उपायुक्त कार्यालय ने मामले की जांच की। जांच के बाद शबाना परवीन के खिलाफ गलशहीद थाने में लिखित तहरीर दी गई और मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
फर्जी ITC क्लेम की कुल राशि ₹4,49,58,533 बताई गई है, जबकि राज्य कर विभाग ने कुल ₹12,48,65,150 की वसूली की मांग की है। हालांकि, अब तक कोई राशि वसूली नहीं जा सकी है।
थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि इस मामले में दो नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।








