महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

अम्बेडकरनगर। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर मंगलवार को रामायण के रचयिता और आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती सादगी व श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन दर्शन और विचारों को आधुनिक समाज के लिए मार्गदर्शक बताया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि आत्मबोध और कर्म के माध्यम से कोई भी व्यक्ति समाज में सम्मान और प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।

कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष डॉ. आर. पी. कौशल ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष गुलाम रसूल ‘छोटू’ ने किया।

धर्म, मर्यादा और करुणा का संदेश है वाल्मीकि की वाणी: कौशल

गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. आर. पी. कौशल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन चरित्र इस बात का प्रमाण है कि अज्ञान और अंधकार में भी आत्मबोध की राह मिल सकती है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि की वाणी ने न केवल साहित्य को समृद्ध किया, बल्कि मानवता को धर्म, मर्यादा और करुणा का अमूल्य संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से समाज को वह सांस्कृतिक धरोहर दी, जो आज भी करोड़ों लोगों के जीवन मूल्यों का आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाना मात्र परंपरा नहीं, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात करने का अवसर है।

Back to top button