अंबेडकरनगर। बेवाना थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष ग्रामीणों ने अकबरपुर स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया और जमकर विरोध जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने से गांव में मात्र एक से दो घंटे बिजली मिल रही थी। वहीं पिछले करीब 10 दिनों से आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है।
जर्जर तार और ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग से बढ़ी समस्या
ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जो अक्सर टूट जाते हैं। इसके अलावा 16 केवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार खराब हो जाता है, जिससे आपूर्ति बाधित रहती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
तूफान में टूटे थे आठ खंभे
ग्राम प्रधान चुन्नी लाल गुप्ता ने बताया कि लगभग 50 घरों वाले इस पुरवे में 32 बिजली कनेक्शन हैं। करीब 10 दिन पहले आए तूफान में आठ बिजली के खंभे टूट गए थे। मरम्मत कार्य पूरा होने के बावजूद बिजली आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो सकी है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभागीय स्तर पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार बिजली संकट से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने और जर्जर लाइन व ट्रांसफार्मर की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।









