
- BAPSA छात्रों ने सोनम वांगचुक की रिहाई को लेकर किया प्रदर्शन
- पुलिस और छात्रों में धक्का-मुक्की, कई हिरासत में
- छात्रों का आरोप — सरकार बुद्धिजीवियों पर कर रही है कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3 पर बिरसा अंबेडकर फूले स्टूडेंट्स एसोसिएशन (BAPSA) के छात्रों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने वैज्ञानिक सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग की और केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी हुई। छात्रों ने “बुद्धिजीवियों पर हमला बंद करो, रेपिस्टों को बेल और साइंटिस्टों को जेल नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए।
BAPSA अध्यक्ष मानव रावत ने कहा कि, “सरकार लगातार बुद्धिजीवियों और जनहित में आवाज उठाने वालों को निशाना बना रही है। सोनम वांगचुक पर की गई कार्रवाई संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है।”
वहीं, छात्र नेता गौरव गौतम ने कहा, “रेप के आरोपियों को सरकार बेल दे रही है, लेकिन देश और समाज हित में काम करने वाले साइंटिस्टों को जेल भेज रही है। यह सीधा अन्याय और अत्याचार है।”
छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर सोनम वांगचुक को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।








