चित्रकला और जंतु विज्ञान में हासिल किया विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान

अम्बेडकरनगर। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या द्वारा आयोजित दीक्षांत समारोह में जनपद अंबेडकरनगर के देव इंद्रावती महाविद्यालय की दो छात्राओं ने जिले का नाम रोशन किया। महाविद्यालय की स्नातकोत्तर छात्रा स्मिता यादव (एमए चित्रकला) और निधि यादव (एमएससी जंतु विज्ञान) को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय स्तर पर टॉप कर रचा इतिहास

दोनों छात्राओं ने अपनी-अपनी परीक्षाओं में विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया। स्मिता यादव ने एमए (चित्रकला) में और निधि यादव ने एमएससी (जूलॉजी) में शानदार प्रदर्शन कर कुलाधिपति स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह सम्मान उन्हें सोमवार को अवध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया।

दीक्षांत समारोह में सौंपे गए पदक

दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति की ओर से दोनों छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारीगण एवं कई शिक्षाविद मंच पर उपस्थित रहे। सम्मान पाकर छात्राओं के चेहरे पर गर्व और उत्साह झलकता रहा।

महाविद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई

छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देव इंद्रावती महाविद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई।
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. राणा रणधीर सिंह, निर्देशिका डॉ. रंजना सिंह, सचिव राजेश सिंह एवं प्राचार्य डॉ. एबी सिंह ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. रणधीर सिंह ने कहा—

“यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि जिले के लिए भी प्रेरणास्रोत है। हमारी छात्राओं ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।”

स्मिता और निधि की मेहनत लाई रंग

स्मिता यादव और निधि यादव ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह उपलब्धि अर्जित की। दोनों छात्राओं ने नियमित कक्षाओं में भाग लेकर, व्यावहारिक ज्ञान और अकादमिक अनुशासन का पालन करते हुए अपने विषय में गहन अध्ययन किया।

Back to top button