
आगरा। ताजगंज क्षेत्र में बुधवार को चार साल की गोल्डी नामक बच्ची का किडनैपिंग का मामला सामने आया। बच्ची अपने दादा पप्पू ठाकुर के साथ शाहजहां गार्डन में खेल रही थी, तभी एक युवक ने उसे बहला-फुसला कर ऑटो में बैठा लिया और दिल्ली ले गया। पुलिस ने 18 घंटे की कड़ी जांच के बाद बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला मामला
गोल्डी के पिता मोनू ठाकुर ने बताया कि बच्ची गार्डन से बाहर निकल गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में एक युवक सफेद कपड़े और टोपी पहने बच्ची का हाथ पकड़कर ऑटो में बैठता दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत ताजगंज थाने में शिकायत दर्ज की और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अतिरिक्त टीमें तैनात
ताजगंज पुलिस ने रेलवे और बस स्टेशनों पर भी बच्ची की तलाश शुरू की। इस अभियान में 100 से अधिक पुलिसकर्मी लगे हुए थे। एडिशनल सीपी रामबदन ने बताया कि सर्विलांस की मदद से बच्ची को दिल्ली से बरामद किया गया। आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जो लगातार अपने बयान बदल रहा है।
परिवार का दर्द और राहत की खबर
बच्ची की मां बबली ठाकुर का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बार-बार थाने जाकर बेटी की तलाश की गुहार लगाई। परिवार और पड़ोसियों के साथ-साथ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी बच्ची को खोजने में जुटे रहे। बबली ने कहा, “मेरी बेटी मुझे मिल गई, यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। मैं सभी पुलिसकर्मियों का धन्यवाद देती हूं।”
पिता का बयान
मोनू ठाकुर ने बताया कि बच्ची को बहलाने वाला व्यक्ति “मौलवी जैसा” था, जिसने बच्ची को मस्जिद के पास ऑटो में बैठाया और दिल्ली ले गया। पुलिस की सक्रियता और सर्विलांस तकनीक की मदद से बच्ची को सुरक्षित परिवार के पास लौटा दिया गया।







