लखनऊ चारबाग में ट्रेन TTE पर महिला यात्रियों का हमला

लखनऊ। गुरुवार रात करीब 9 बजे हावड़ा से हरिद्वार जा रही दून एक्सप्रेस (13109) के एक कोच में यात्रियों ने अनाधिकृत सीट पर कब्जा कर लिया। शिकायत पर ट्रेन टिकट निरीक्षक (TTE) दिवाकर मिश्रा जब कोच में पहुंचे तो कुछ महिलाओं ने उन पर हमला कर दिया।

महिलाओं ने TTE के चेहरे पर चाय फेंक दी और उनकी शर्ट फाड़ दी। मारपीट के दौरान उनकी चेन भी गायब हो गई। घटना के समय पूरे कोच में अफरा-तफरी मच गई और अन्य यात्रियों ने उन्हें शांत कर TTE को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाएं पहले सीट छोड़ने से इनकार करती रहीं और TTE से बहस करती रहीं। विरोध बढ़ने पर उन्होंने हमला किया।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और जीआरपी के कर्मी मौके पर पहुंचे। हालांकि, आरोपित महिलाएं पहले ही भाग चुकी थीं। दिवाकर मिश्रा ने जीआरपी चारबाग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। TTE की मेडिकल जांच भी कराई गई है।

रेलवे प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के आदेश दिए हैं ताकि आरोपी महिलाओं की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि महिलाएं ट्रेन के चारबाग पहुंचने से पहले ही रिजर्व सीटों पर कब्जा कर चुकी थीं।

Back to top button