
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में हाल ही में आयोजित “स्वदेशी ट्रेड शो” का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना था, लेकिन यह मंच विवादित अश्लील प्रस्तुति का गवाह बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरों में मंच पर प्रदर्शन कर रहे कलाकारों की अभद्र हरकतों ने जनपदवासियों में गहरी चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है।
दीपावली, धनतेरस और छठ जैसे महत्वपूर्ण और पावन त्योहारों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में जिस प्रकार की अनुशासनहीनता और अश्लीलता प्रदर्शित की गई, उसने जनपद की सांस्कृतिक छवि को गंभीर धक्का पहुंचाया है। खास बात यह है कि यह सब कुछ जिले के माननीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
मंच पर अश्लीलता, सांस्कृतिक सम्मान को किया ठेस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेड शो के दौरान मंच पर कलाकारों द्वारा की गई अभद्र प्रस्तुतियों ने सभी पर गहरा आघात किया है। ऐसे दृश्य, जो पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अनुकूल नहीं थे, उन्होंने जनपद की सांस्कृतिक मर्यादा को तार-तार कर दिया।
जिला प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधि मंच पर कलाकारों को सम्मानित करते भी देखे गए, जिससे यह सवाल उठता है कि क्या प्रशासन इस प्रकार की अशोभनीय प्रस्तुतियों को भी “संस्कृति” का हिस्सा मान रहा है।
स्थानीय जनता में भारी असंतोष, प्रशासन की चुप्पी से बढ़ी नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को गलत संदेश दिया गया है। “स्वदेशी” के नाम पर ऐसी अश्लील प्रस्तुतियों ने न केवल कार्यक्रम की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल को भी दूषित किया।
जनता के सवालों का कोई जवाब नहीं मिलने से असंतोष और बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर लोग प्रशासन की मूकध्वनि पर तीखी टिप्पणी कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे आयोजनों की गंभीर जांच हो।








