
नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। शाहजहांपुर वार्ड में कूड़े के पृथक्करण एवं गौसपुर-संगतिया वार्ड में संचारी रोग नियंत्रण को लेकर नगर पालिका की टीम ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की।
नगर पालिका की स्वच्छ भारत मिशन टीम, IEC टीम और ट्रेनिंग पार्टनर टीम (मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट) ने मिलकर दोनों वार्डों में घर-घर जाकर नागरिकों को जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा बनाना और संचारी रोगों से निपटने के लिए समुचित कदम उठाना था।
कचरा पृथक्करण और होम कंपोस्टिंग पर जोर
शाहजहांपुर वार्ड में अभियान के तहत नागरिकों को गीला और सूखा कचरा अलग रखने का प्रशिक्षण दिया गया। अभियान में शामिल सरिता, निशा, शशि यादव, सोनू कुमारी सहित अन्य टीम सदस्यों ने प्रत्येक घर पर जाकर कचरे के पृथक्करण के लाभ समझाए।
हर घर में स्टीकर वितरित किए गए, जिन पर कचरे को अलग रखने का तरीका और उसके लाभ स्पष्ट रूप से दर्शाए गए हैं। नागरिकों को होम कंपोस्टिंग के लिए भी प्रेरित किया गया ताकि घर से निकलने वाला कचरा स्वयं के स्तर पर निस्तारित किया जा सके।
अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने इस अभियान पर टिप्पणी करते हुए कहा,
“नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। शाहजहांपुर में कचरे के पृथक्करण और होम कंपोस्टिंग को बढ़ावा देने से न केवल नगर सफाई में सुधार होगा, बल्कि पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।”









