लखनऊ में पुलिस पर जानलेवा हमला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को पुलिस पर भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र का है, जहां सफाईकर्मी की मौत के मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी को छोड़ने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने थाने का घेराव कर दिया और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करने लगी।

स्थिति तब बेकाबू हो गई जब भीड़ में शामिल महिलाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले में दरोगा समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान कई महिलाओं को भी चोटें आईं।

धरना से हिंसा में बदला प्रदर्शन

सूत्रों के अनुसार, मृत सफाईकर्मी के परिजनों और समर्थकों ने थाने के बाहर धरना शुरू किया था। जब उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी को पुलिस ने रिहा कर दिया है, तो भीड़ ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। पुलिस के समझाने के प्रयास विफल रहे और प्रदर्शन हिंसक हो गया।

महिलाओं ने लगाए पुलिस पर आरोप

मामले में सन देवी ने कहा, “हम लोग यहां धरना देने आए थे। रोड खाली थी, हम बस खड़े थे। तभी कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर आए और हमें दौड़ाकर पीटा। किसी का सिर फोड़ दिया, किसी का पैर तोड़ दिया।”

वहीं, सफाईकर्मी के भाई की पत्नी रंजना रावत ने कहा, “हम इंसाफ की मांग के लिए थाने आए थे। पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया और हम पर ही लाठीचार्ज कर दिया। पुरुषों को पीट-पीटकर बंद कर दिया गया।”

फोर्स तैनात, अफसर मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के थानों की अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Back to top button