आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में भीषण आग

  • आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में आग, 70 यात्री बाल-बाल बचे
  • दमकल की तीन गाड़ियां एक घंटे बाद पहुंचीं, बस जलकर खाक
  • छठ मनाने जा रहे थे यात्री, बोले– “छठी मैया ने बचा लिया”

लखनऊ। रविवार सुबह लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से गोंडा जा रही एसी बस का टायर अचानक फटने से बस में भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 70 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। तभी पीछे का टायर फटने से तेज आवाज हुई और बस अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर ने तुरंत बस रोककर स्थिति देखने की कोशिश की, तभी पीछे से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई। धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

यात्रियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि नियंत्रण नहीं हो सका। करीब एक घंटे बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

छठ मनाने जा रहे थे यात्री
बस में सवार ज्यादातर यात्री दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से छठ पर्व मनाने अपने घर जा रहे थे। हादसे में कई यात्रियों का सामान जल गया। घबराए यात्रियों ने कहा – “छठी मैया ने बचा लिया, वरना किसी का बच पाना मुश्किल था।” पुलिस ने बाद में यात्रियों को गोंडा भेजने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की।

Related Posts

कानपुर में दुलारे ज्वैलर्स पर आयकर विभाग की कार्रवाई, बाजार में मचा हड़कंप

कानपुर। लालबंगला क्षेत्र स्थित दुलारे ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे आयकर विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। टीम ने न केवल दुकान के भीतर दस्तावेजों…

Continue reading
शीर्ष नेतृत्व से मिलकर लौटे कानपुर के निष्कासित भाजपा पार्षद

कानपुर। कानपुर के तीन निष्कासित भाजपा पार्षद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद वापस कानपुर लौट आए हैं। पार्षदों ने बताया कि उन्होंने अपनी सभी समस्याओं और शिकायतों…

Continue reading