
पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल का SGPGI में इलाज
प्राइवेट वार्ड में मच्छर और कॉकरोच की शिकायत
ऑपरेशन थिएटर में गंदगी के आरोप
लखनऊ। पूर्व सांसद और मंत्री नरेश अग्रवाल SGPGI में इलाज कराने पहुंचे, जहां उन्हें मच्छर और कॉकरोच की वजह से असुविधा का सामना करना पड़ा। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को नरेश अग्रवाल को गैस्ट्रोलॉजी विभाग में एक प्रोसीजर के लिए भर्ती किया गया था। उनका इलाज डॉ. समीर महेंद्रू ने किया। इलाज के बाद वे अगले ही दिन डिस्चार्ज होकर घर लौट गए।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि प्राइवेट वार्ड में गंदगी फैली हुई थी और मच्छर-कॉकरोच ने परेशानी बढ़ाई। ऑपरेशन थिएटर (OT) की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। पोस्ट के मुताबिक, फर्श पर खून बिखरा हुआ था, ऑपरेशन टेबल पर चादर तक नहीं थी और मशीनों पर गंदगी नजर आ रही थी।
पूर्व मंत्री के अनुभव को बताते हुए पोस्ट में लिखा गया:
“29 अक्टूबर को मुझे PGI में जांच कराने जाना पड़ा। प्राइवेट वार्ड बेहद खराब था। मच्छर और कॉकरोच कमरे में थे। OT में फर्श पर खून और मशीनों पर गंदगी थी। किसी तरह रात गुजारी और अगले दिन घर लौट आया। व्यवस्था बेहद थर्ड क्लास थी।”
संस्थान प्रशासन की प्रतिक्रिया:
SGPGI के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि पूर्व मंत्री नरेश अग्रवाल कुछ दिन पहले इलाज के लिए आए थे। उनका इलाज सही तरीके से हुआ और वे सुरक्षित घर लौट गए। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।








