स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिला बड़ा अपडेट

अप्रैल–मई के बकाया बिल जारी

अंबेडकरनगर। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लंबित बिलों का इंतजार खत्म कर दिया है। अकबरपुर, जलालपुर, टांडा और आलापुर डिवीजन से जुड़े उपभोक्ताओं के अप्रैल और मई माह के बकाया बिजली बिल जून में जारी कर दिए गए हैं।

निगम के अनुसार करीब 60 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर लगभग 3 करोड़ 4 लाख रुपये का बिल जारी किया गया है। बिल जारी होने की सूचना पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भी भेजी गई है।

मोबाइल पर मिली सूचना, उपभोक्ताओं को राहत

बिल जारी होने के बाद उपभोक्ताओं को अपनी बकाया स्थिति स्पष्ट रूप से देखने की सुविधा मिल गई है। सूचना मिलने के बाद कई उपभोक्ताओं ने राहत महसूस की है, क्योंकि लंबे समय से बिल जनरेशन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।

उपभोक्ता अब ऊर्जावान ऐप, यूपीपीसीएल ऐप, विभागीय वेबसाइट और नजदीकी बिलिंग काउंटर से अपना बिजली बिल प्राप्त कर सकते हैं।

चार लाख से अधिक उपभोक्ता, एक लाख पर स्मार्ट मीटर

जिले के चारों डिवीजन में कुल करीब 4.30 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग एक लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार फरवरी में करीब 60 हजार स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मोड में बदला गया था। इसके बाद हुए विरोध के बाद मार्च में सभी मीटर को फिर से पोस्टपेड मोड में कर दिया गया। इसी वजह से अप्रैल और मई के बिल जारी नहीं हो पाए थे।

आठ से 13 जून के बीच जारी हुए बकाया बिल

निगम की ओर से आठ जून से 13 जून के बीच सभी बकाया बिल जनरेट किए गए। इससे लंबे समय से लंबित बिलिंग प्रक्रिया पूरी हो सकी।

अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि उपभोक्ता अब अपना बिल किस्तों में भी जमा कर सकते हैं। समय से भुगतान नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button