किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज

अम्बेडकरनगर। जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का अभियान तेज गति से चल रहा है। 1 से 10 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत अब तक जिले के 4,61,169 किसानों में से 2,83,546 किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 62 प्रतिशत है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शेष किसानों का पंजीकरण समय पर पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट कहा है कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किसानों के हित से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपनिदेशक कृषि और उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पंचायत सहायकों को न केवल ग्रीन लिस्ट, बल्कि रेड लिस्ट और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़े किसानों की सूची भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि सभी पात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।

ग्रीन लिस्ट के बाद रेड लिस्ट किसानों का पंजीकरण शुरू

डीएम ने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में ग्रीन लिस्ट के किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, वहां अब रेड लिस्ट में दर्ज किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पंचायत सहायकों को अपने-अपने गांवों के बाहर निवास कर रहे किसानों की अलग सूची तैयार कर उपनिदेशक कृषि कार्यालय को सौंपनी होगी।

वरासत में आए नामों में सुधार के निर्देश

जिलाधिकारी ने वरासत (उत्तराधिकार) में नामांतर या रिकॉर्ड में अंतर वाले किसानों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित सूचियों को तत्काल कानूनगो को भेजकर आवश्यक संशोधन कराने को कहा गया है। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपनी तहसीलों में विशेष कैंप लगाकर लेखपाल और कानूनगो की ड्यूटी लगाने के आदेश दिए हैं, ताकि नामों में सुधार का कार्य प्राथमिकता से पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button