
अकबरपुर (अंबेडकरनगर)। अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय उकरा से एक वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में स्कूल के बच्चों को यूनिफॉर्म में लकड़ी ढोते देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह लकड़ी स्कूल परिसर में कटे यूकेलिप्टस पेड़ों की है, जिन्हें हाल ही में नीलाम किया गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि तमसा संकेत नहीं करता है।
वीडियो में दिखा बच्चों से काम कराना
वायरल वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि स्कूल के छात्र लकड़ियां उठाकर पिकअप वाहन में रख रहे हैं। इस दौरान विद्यालय का स्टाफ और शिक्षक वहां मौजूद रहते हुए भी कोई रोक-टोक नहीं करते। बच्चों से इस तरह श्रम करवाने की घटना को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों से मजदूरी कराया जाना अत्यंत निंदनीय है।
नीलामी के बहाने पेड़ों की अवैध कटाई का आरोप
जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में लगे यूकेलिप्टस के कुछ पेड़ों की नीलामी हाल ही में की गई थी। लेकिन इसी दौरान परिसर के अन्य पेड़ों की भी अवैध कटाई कर दी गई। इस मामले की जानकारी वन विभाग को मिली थी। विभाग की जांच के बाद संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाया गया था। अब बच्चों से लकड़ी ढुलाई कराए जाने का मामला सामने आने पर यह सवाल और गहराया है कि आखिर नीलामी और कटाई की प्रक्रिया में स्कूल प्रशासन की निगरानी क्यों नहीं रही।
मामले को लेकर जब प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे बात नहीं हो सकी।









