लखनऊ में नर्सेज संघ का 18वां प्रांतीय अधिवेशन

लखनऊ, संवाददाता। शनिवार को लखनऊ में राजकीय नर्सेज संघ का 18वां द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने नर्सों को उनके गृह जनपद में ट्रांसफर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नर्सों में मां के समान धैर्य और सेवा भावना होती है।

अधिवेशन के दौरान नर्सेज संघ ने डिप्टी सीएम को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रमुख मांग थी कि राज्य की नर्सों को उनके गृह जनपद में पोस्टिंग दी जाए। ब्रजेश पाठक ने तुरंत स्वीकृति प्रदान की, जिससे हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। संघ ने डिप्टी सीएम का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सदस्य, विधान परिषद अवनीश कुमार सिंह, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रतनपाल सिंह, राजकीय नर्सेज संघ की अध्यक्ष शर्ली भंडारी, महामंत्री अशोक कुमार और प्रदेश के 75 जनपदों से आई नर्सेज मौजूद थीं।

ब्रजेश पाठक ने कहा, “नर्स को सिस्टर कहा जाता है क्योंकि उनमें अपार धैर्य और सेवा भावना होती है। डॉक्टर दवा देकर चले जाते हैं, लेकिन मरीज को स्वस्थ बनाकर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नर्स ही निभाती है। नर्सेज हमारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और सरकार उनके साथ खड़ी है।”

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के साथ-साथ नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया कि नर्सों की अन्य मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा और किसी भी समस्या या शोषण की स्थिति में नर्स तुरंत संपर्क कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button