पिस्टल के 40 हजार के विवाद में अंबुज का सिर अलग कर फेंका

बेसबॉल और डंडे से पीटने के बाद गला दबाकर मार डाला

पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंके

आरोपी आयुष ने पुलिस पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

गोरखपुर। गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पिस्टल के लेन-देन में हुए विवाद के बाद युवक ने अपने जिगरी दोस्त की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल अंबुज की हत्या की, बल्कि पहचान छिपाने के लिए सिर काटकर अलग फेंक दिया और शव के कई हिस्से 50 किलोमीटर दूर जाकर ठिकाने लगा दिए।

40 हजार की पिस्टल को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी आयुष सिंह ने बताया कि उसने अंबुज को 40 हजार रुपए में एक अवैध पिस्टल दी थी, जो खराब निकली। जब अंबुज ने पैसे वापस मांगे तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आयुष ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बेसबॉल और डंडे से अंबुज की बेरहमी से पिटाई कर दी। फिर कार में डालकर रास्ते में उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

पहचान मिटाने के लिए सिर काटा, कपड़े उतारे

आरोपी ने बताया कि पहचान मिटाने के लिए उसने अंबुज के कपड़े उतार दिए, हाथ से राखी का धागा और अंगूठी उतारी—अंगूठी की उंगली भी काटकर अलग कर दी।
इसके बाद वह शव को लेकर महराजगंज जिले पहुंचा। श्यामदेउरवां इलाके में नहर किनारे झाड़ियों में सिर फेंक दिया और 10 किमी दूर धड़ को भी अलग जगह फेंक दिया।

गुमशुदगी से हत्या के खुलासे तक पहुँची पुलिस

26 नवंबर की शाम अंबुज अपने घर से कार में आए दोस्त आयुष के साथ निकला था। परिजनों ने जब दो दिन तक कोई पता न चलने पर गुमशुदगी की शिकायत तिवारीपुर थाने में दर्ज कराई।
SP सिटी अभिनव त्यागी के अनुसार, पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। आयुष से पूछताछ में शुरुआत में वह टालता रहा, लेकिन हिरासत में लेने पर उसने जुर्म कबूल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button