
अम्बेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 51 पाउच देशी और अंग्रेजी मसाला ब्रांड की शराब बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार एक आरोपित लंबे समय से अवैध शराब कारोबार में सक्रिय था और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
दुकान की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार
भरथुआ गांव में रतनपुर निवासी उदयभान वर्मा की हार्डवेयर दुकान पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारा। तलाशी के दौरान काउंटर में छिपाकर रखे 26 पाउच शराब बरामद हुए।
जानकारी के अनुसार आरोपित पिछले लगभग दो वर्षों से हार्डवेयर की आड़ में अवैध शराब की बिक्री कर रहा था। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं।
परिक्रमा मार्ग से दूसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई नगहरा चौराहे के पास 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर की गई। यहां पुलिस ने केवारी परमानन्द गांव निवासी सचिन गौड़ को गिरफ्तार किया। उसके पास से 25 पाउच देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी परिक्रमा मार्ग के आसपास अवैध रूप से शराब बेचने की गतिविधियों में शामिल था।
मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई
थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।









