बाबरी मस्जिद विध्वंस बरसी पर अंबेडकरनगर में हाई अलर्ट

6 दिसंबर की बरसी को लेकर जिला अलर्ट

अकबरपुर में सघन वाहन चेकिंग

अयोध्या सीमा से सटे इलाकों में रातभर गश्त

अंबेडकरनगर। बाबरी मस्जिद विध्वंस की 6 दिसंबर 1992 की बरसी को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है। प्रदेशभर की तरह अंबेडकरनगर में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। विभिन्न समुदायों की भावनाओं को देखते हुए जिले में विशेष सतर्कता, गश्त और निगरानी के इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अकबरपुर में सघन चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर बढ़ी निगरानी
अकबरपुर कोतवाल श्रीनिवास ने शनिवार को पटेल नगर तिराहे पर वाहनों की गहन चेकिंग की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए पुलिस टीमों ने बाइक, कार और अन्य वाहनों की तलाशी ली। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर आने-जाने वाले पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

एसपी ने किया रात्रि दौरा, अयोध्या सीमा पर सुरक्षा कड़ी
जिले के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने शुक्रवार देर रात अयोध्या सीमा से सटे अहिरौली थाना क्षेत्र के यादव नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हर वाहन को रोककर उसकी जांच की गई और यात्रियों से पूछताछ भी की गई।
यह अभियान शांति व्यवस्था बनाए रखने और बाहरी तत्वों की एंट्री को रोकने के उद्देश्य से संचालित किया गया। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने रातभर गश्त बढ़ा दी है।

होटलों-गेस्ट हाउसों में ठहरने वालों की जांच, पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
जिले के सभी होटलों, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में ठहरने वालों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी असामाजिक तत्व को जिले की शांति व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button