17 दिन से लापता किशोर हिमांशु का नहीं मिला सुराग

आलापुर, अंबेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र के सरफुददीनपुर गांव का 14 वर्षीय किशोर हिमांशु विश्वकर्मा 21 नवंबर की शाम से लापता है। घटना के 17 दिन बाद भी कोई ठोस जानकारी सामने न आने से परिवार और ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। खोजबीन में अपेक्षित प्रगति न होने पर स्थानीय लोग भी प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।

फोन पर बात करने के बाद निकला था घर से, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार 21 नवंबर को लगभग साढ़े चार बजे हिमांशु ने अपने पिता से बात की और उसके बाद घर से ब्लेज़र खरीदने के लिए निकला। इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार ने शाम होते ही तलाश शुरू की, लेकिन बच्चा कहीं नहीं मिला।
रात में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद से ग्रामीणों और पुलिस की कई खोज टीमें सक्रिय बताई जा रही हैं, परंतु अब तक कोई सुराग उपलब्ध नहीं हो सका है।

लंबे इंतजार से परिवार परेशान, खोज में तेजी की मांग

हिमांशु के परिवार ने बताया कि घटना के बाद से लगातार थाने और अधिकारियों के पास दौड़ने के बावजूद प्रगति बेहद धीमी है। माता-पिता, दादा-दादी और अन्य परिवारीजन लगातार खोज का आग्रह कर रहे हैं।
परिजन कहते हैं कि इतने दिनों के बाद भी कोई सुनिश्चित जानकारी न मिलना बेहद चिंताजनक है। घर का माहौल तनावपूर्ण है और हर गुजरता दिन परिवार की बेचैनी बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button