
अम्बेडकरनगर। जनपद में डग्गामार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण न हो पाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। जलालपुर से लखनऊ के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते संचालित होने वाली एक निजी एसी बस को लेकर यात्रियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का कहना है कि निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं, जिससे यात्रा के दौरान भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
क्षमता से अधिक सवारियां, खड़े होकर यात्रा को मजबूर यात्री
यात्रियों के अनुसार संबंधित बस में सीटों की संख्या से लगभग दोगुनी सवारियां भर ली जाती हैं। हालत यह है कि कई यात्रियों को लखनऊ तक खड़े होकर सफर करना पड़ता है। भीड़ अधिक होने के कारण बस के अंदर चलना तक मुश्किल हो जाता है। एसी बस होने के बावजूद पर्याप्त जगह न मिलने से हवा का प्रवाह बाधित रहता है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है।
सवाल पूछने पर चालक और परिचालक का असहज व्यवहार
यात्रियों का कहना है कि जब उन्होंने बस में अत्यधिक भीड़ को लेकर चालक और परिचालक से सवाल किए तो संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र व्यवहार किया गया। यात्रियों ने बताया कि ओवरलोडिंग को लेकर आपत्ति जताने पर चालक और परिचालक ने स्थिति संभालने के बजाय बहस शुरू कर दी, जिससे बस में तनाव का माहौल बन गया।
सरकारी निर्देशों की खुलेआम अनदेखी
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से शीतकाल को देखते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी प्रकार की ओवरलोडिंग या तेज गति से वाहन संचालन नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद संबंधित बस में इन नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। यात्रियों का कहना है कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे मार्ग पर ओवरलोडिंग गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है।









