अटल बिहारी बाजपेई जयंती पर टांडा नगर पालिका का विशेष स्वच्छता अभियान

टांडा। भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई की जयंती एवं जन्म शताब्दी के अवसर पर नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। उपजिलाधिकारी (न्यायिक)/प्रभारी अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को वार्ड संख्या 18, मोहल्ला कस्बा उत्तरी टांडा में मार्गों, गलियों और नालियों की व्यापक सफाई कराई गई।

अभियान के अंतर्गत पूरे वार्ड में जमी गंदगी हटाई गई, नालियों की सिल्ट निकालकर जल निकासी को सुचारु किया गया तथा सार्वजनिक मार्गों पर जमा कूड़े का निस्तारण किया गया। लंबे समय से खाली पड़ी भूमियों में फैले कचरे को हटवाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया।

कीटनाशक छिड़काव और एंटीलार्वा दवाओं का प्रयोग

स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वार्ड में कीटनाशक एवं एंटीलार्वा दवाओं का छिड़काव किया गया। नालियों, जलभराव वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में विशेष रूप से दवा का प्रयोग किया गया, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।

साथ ही शाम के समय फॉगिंग कराई गई, जिससे कीट जनित रोगों के फैलाव पर नियंत्रण किया जा सके। नगर पालिका की ओर से बताया गया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों में इसी प्रकार सफाई और फॉगिंग का कार्य कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button