IIT कानपुर में जूनियर टेक्नीशियन का शव फंदे पर मिला

कानपुर। Indian Institute of Technology Kanpur (IIT) में शनिवार को एक जूनियर टेक्नीशियन का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैलेंटाइन डे की सुबह मंगेतर से फोन पर विवाद के बाद युवती ने यह कदम उठाया।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई है, जो झारखंड के जादूगोड़ा की रहने वाली थी और पिछले तीन वर्षों से संस्थान में कार्यरत थी।

फोन पर हुई कहासुनी

पुलिस के मुताबिक, अंजू की शादी उड़ीसा में पावर हाउस में तैनात पंकज नामक युवक से तय थी। दोनों की जल्द ही सगाई होनी थी। वैलेंटाइन डे की सुबह दोनों के बीच फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर अंजू ने कॉल पर कहा कि वह जान दे रही है और इसके बाद फोन काट दिया।

दोस्त ने पहुंचाई सूचना

घटना के बाद मंगेतर ने IIT परिसर में रहने वाले अपने मित्र को सूचना दी। मित्र ने अपने भाई को अंजू के कमरे पर भेजा। जब वह मौके पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो वार्डन और पुलिस को सूचना दी गई।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची टीम

पुलिस और संस्थान के स्टाफ की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर अंजू का शव पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। उसे तत्काल परिसर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जांच जारी

मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button