
कानपुर में कार सवारों ने पुलिस फोर्स पर धावा बोला
टक्कर में 2 दरोगा और 1 होमगार्ड घायल
सड़क के तीन बैरियर तोड़ते हुए आरोपी भागे
कानपुर। जिले में मंगलवार शाम को कार सवारों की दबंगई सामने आई। नवाबगंज से गंगा बैराज की तरफ जा रही कार ने पुलिस फोर्स पर धावा बोल दिया। टक्कर में कोहना थाने के दो दरोगा और एक होमगार्ड घायल हो गए। घायल दरोगा पूरन सिंह का बायां पैर टूट गया, जबकि होमगार्ड हरि प्रकाश गंभीर रूप से घायल हैं। चौकी इंचार्ज संजय कुमार को हल्की चोटें आई हैं। सभी को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर और बैरियर तोड़ते हुए भागे आरोपी
घटना मंगलवार शाम लगभग साढ़े 6 बजे हुई। कोहना थाने के प्रभारी प्रतीक सिंह गंगा बैराज पर फोर्स के साथ चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार ने पहले स्पीड धीमी की और फिर अचानक तेज कर दी। इस दौरान कार ने सड़क पर लगे तीन लोहे के बैरियर तोड़ दिए और पुलिस कर्मियों को रौंदते हुए भाग गए।
CCTV से आरोपी तलाश में जुटी पुलिस
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में टीमों के साथ जुटी है। घटना के बाद फोर्स ने पीछा किया, लेकिन कार सवार फरार हो गए।
हेलट अस्पताल में इलाज जारी
घायल दरोगा और होमगार्ड को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों पुलिस कर्मियों का इलाज जारी है और डॉक्टरों का कहना है कि होमगार्ड की चोट गंभीर है।









