हाईवे पर कट बंद होने से बढ़ी दुर्घटना की आशंका

अंबेडकरनगर। अकबरपुर–बसखारी हाईवे पर कुछ प्रमुख कट बंद किए जाने के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर नई समस्याएं सामने आ रही हैं। कट बंद होने से आम लोगों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरियावन बाजार के निकट वल्लीपुर काहे क्षेत्र में स्थिति ज्यादा गंभीर दिखाई दे रही है, जहां स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को अपने घर पहुंचने में जोखिम उठाना पड़ रहा है।

डिवाइडर पार कर घर जाने को मजबूर बच्चे

बरियावन बाजार के पास हाईवे पर कट बंद होने के कारण स्कूली बच्चों को सीधे रास्ते से घर जाने का विकल्प नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बच्चों को साइकिल के साथ हाईवे के डिवाइडर को पार करना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद असहज और जोखिम भरी है। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच डिवाइडर पार करना किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।

वीडियो में सामने आई जमीनी हकीकत

स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बच्चे साइकिल को डिवाइडर से उतार-चढ़ाकर सड़क पार कर रहे हैं। यह दृश्य हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्कूल से निकलने के समय वाहनों का दबाव अधिक रहता है, ऐसे में इस तरह का आवागमन खतरे को बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button