
अम्बेडकरनगर। जनपद में रबी सीजन के बीच किसानों को उर्वरकों की कोई कमी नहीं होगी। यूरिया और फास्फेटिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। सहकारिता और निजी क्षेत्र में लक्ष्य से कहीं अधिक उर्वरक भंडारण किया गया है। इसके साथ ही अयोध्या रैक प्वाइंट से 1103 मीट्रिक टन यूरिया शीघ्र जनपद को प्राप्त होने जा रहा है, जिससे आपूर्ति और मजबूत होगी।
दिसंबर तक लक्ष्य से अधिक उर्वरक प्राप्त
जिला कृषि विभाग के अनुसार दिसंबर माह तक जनपद को आवंटित लक्ष्य की तुलना में कहीं अधिक उर्वरकों की आपूर्ति हुई है। यूरिया का लक्ष्य 20992 मीट्रिक टन निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 37726 मीट्रिक टन यूरिया जनपद को प्राप्त हुआ। इसी प्रकार डीएपी के लक्ष्य 12089 मीट्रिक टन के मुकाबले 16687 मीट्रिक टन, एनपीके के लक्ष्य 3855 मीट्रिक टन के सापेक्ष 8186 मीट्रिक टन तथा एसएसपी के लक्ष्य 12083 मीट्रिक टन के मुकाबले 16504 मीट्रिक टन उपलब्ध कराया गया है। एमओपी में लक्ष्य 450 मीट्रिक टन था, जिसके सापेक्ष 378 मीट्रिक टन की आपूर्ति हुई।
वर्तमान स्टॉक की स्थिति
वितरण के बाद भी जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। सहकारिता और निजी क्षेत्र को मिलाकर वर्तमान में यूरिया 9572 मीट्रिक टन, डीएपी 3227 मीट्रिक टन, एनपीके 2082 मीट्रिक टन, एसएसपी 5475 मीट्रिक टन और एमओपी 75 मीट्रिक टन स्टॉक में मौजूद है। विभाग का दावा है कि यह भंडारण किसानों की मौजूदा मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।









