उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, लक्ष्य से अधिक आपूर्ति दर्ज

अम्बेडकरनगर जिले में रबी सीजन के दौरान उर्वरकों की आपूर्ति लक्ष्य से अधिक दर्ज की गई है। जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी के अनुसार फरवरी माह तक यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी की उपलब्धता निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक रही है।

यूरिया के 38,825 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 52,665 मीट्रिक टन उपलब्ध हुआ। डीएपी का लक्ष्य 12,919 मीट्रिक टन था, जिसके मुकाबले 15,643 मीट्रिक टन की उपलब्धता दर्ज की गई। एनपीके का लक्ष्य 4,055 मीट्रिक टन था, जबकि 9,342 मीट्रिक टन उपलब्ध हुआ। इसी प्रकार एसएसपी के 11,381 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 21,593 मीट्रिक टन उपलब्ध कराया गया। एमओपी का लक्ष्य 603 मीट्रिक टन था, जिसके सापेक्ष 509 मीट्रिक टन उपलब्ध हुआ।

वितरण के बाद भी पर्याप्त स्टॉक शेष

वितरण के उपरांत वर्तमान में सहकारिता एवं निजी क्षेत्र में संयुक्त रूप से 9,973 मीट्रिक टन यूरिया, 4,855 मीट्रिक टन डीएपी, 3,070 मीट्रिक टन एनपीके, 9,792 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 185 मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। अधिकारियों के अनुसार जिले में किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

अयोध्या रैक प्वाइंट से जल्द पहुंचेगी अतिरिक्त खेप

जिले को अयोध्या रैक प्वाइंट से शीघ्र ही 415 मीट्रिक टन यूरिया की अतिरिक्त आपूर्ति प्राप्त होगी। इसमें सहकारिता क्षेत्र के लिए एनएफएल कंपनी की 100 मीट्रिक टन (2,222 बोरी) और निजी क्षेत्र के लिए 315 मीट्रिक टन (7,000 बोरी) यूरिया शामिल है। इससे आगामी मांग को देखते हुए उपलब्धता और मजबूत होगी।

आधार व खतौनी के आधार पर मिलेगा उर्वरक

कृषकों को उर्वरक प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड तथा जोत बही/खतौनी प्रस्तुत करनी होगी। कृषि भूमि के विवरण के अनुसार ही निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। सभी बिक्री केंद्रों पर पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित दरों पर वितरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button