
लखनऊ। साइबर जालसाजों ने लखनऊ में वित्त विभाग से रिटायर्ड 73 वर्षीय अफसर अमरजीत सिंह को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर 25 दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखा और इस दौरान उनके खाते से करीब 90 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
साइबर थाना की जानकारी के अनुसार, अमरजीत सिंह के बेटे अमरप्रीत सिंह ने घटना की जानकारी मिलने पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जालसाजों के खातों में मौजूद 15 लाख रुपए फ्रीज कर दिए हैं।
कैसे हुआ मामला:
1 दिसंबर को अमरजीत सिंह को वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई साइबर क्राइम सेल का अफसर गिरीश कुमार बताया और कहा कि अमरजीत सिंह मनी लॉन्ड्रिंग केस में शामिल हैं। उन्हें मुंबई से गिरफ्तारी वारंट का डर दिखाया गया और विरोध करने पर पूरे परिवार को जेल भेजने की धमकी दी गई।
जालसाजों ने वॉट्सऐप पर कोर्ट का फर्जी वारंट भेजा, जिसके डर से बुजुर्ग अफसर ने उनके बताए हुए खातों में यूपीआई, RTGS और एफडी तोड़कर कुल 90 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
साइबर थाना इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जालसाजों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।







