
लखनऊ। प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में गंगा में विसर्जित की गईं। अस्थि विसर्जन की रस्म योग गुरु बाबा रामदेव की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान परिवार के सदस्य भावुक नजर आए।
विसर्जन से पहले घाट पर पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। आदित्य यादव ने पूजा संपन्न कराई। इस दौरान अपर्णा यादव, उनकी दोनों बेटियां, तेज प्रताप यादव और अक्षय यादव समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।
छोटी बेटी ने गंगा में बहाया कार्ड
अस्थि कलश विसर्जन के दौरान प्रतीक यादव की छोटी बेटी भावुक हो गई। उसने ‘I LOVE PAPA’ लिखा एक कार्ड गंगा में प्रवाहित किया। अस्थि कलश को माथे से लगाकर वह फूट-फूटकर रो पड़ी।
इससे पहले घाट पर पहुंचीं अपर्णा यादव भी अस्थि कलश देखकर खुद को संभाल नहीं सकीं और रोने लगीं। परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें संभाला।
चार्टर्ड विमान से पहुंचे हरिद्वार
शनिवार दोपहर परिवार चार्टर्ड विमान से लखनऊ से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय तेज प्रताप यादव अस्थि कलश लेकर आगे चलते दिखाई दिए।
अपर्णा यादव अपनी बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ मौजूद रहीं। परिवार वहां से सीधे कार द्वारा हरिद्वार रवाना हुआ।
13 मई को हुआ था निधन
प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अगले दिन 14 मई को उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।









